कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद अलर्ट पर झारखंड स्वास्थ्य विभाग — स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान ने रांची में दवा दुकानों का किया औचक निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची:देश में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद झारखंड सरकार सतर्क हो गई है। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शुक्रवार को राजधानी रांची के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कई कफ सिरप के सैंपल जब्त कर उन्हें लैब जांच के लिए भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले ही तीन कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है, और अब किसी भी स्थिति में झारखंड की जनता के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने चेतावनी दी कि “यदि किसी मेडिकल स्टोर में दवाओं की गुणवत्ता या नियमों में गड़बड़ी पाई जाती है, तो स्टोर को सील कर लाइसेंस रद्द किया जाएगा, साथ ही संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।”
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि झारखंड में नकली या निम्न गुणवत्ता की दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

