जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जदयू ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 16 जून: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले में नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति, ट्रैफिक अव्यवस्था और लंबित विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की।
ज्ञापन में शहर की यातायात समस्या, चालान व्यवस्था को सरल बनाने, मानगो क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट एवं सफाई व्यवस्था में सुधार, नियमित कचरा उठाव, पेयजल संकट के समाधान तथा जेएनएसी क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठाई गई। साथ ही मानगो में इनडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण तथा जुस्को द्वारा पेयजल कनेक्शन से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की गई।
जदयू ने पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान चलाने की मांग की। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रकाश कोया, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह सहित जदयू के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

