जमशेदपुर में 70 दिव्यांगजनों को मिलेंगे निःशुल्क कृत्रिम हाथ
हेल्प क्रॉस सोसाइटी और इनाली फाउंडेशन की पहल, आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ेंगे जरूरतमंदों के कदम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सहज बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर हेल्प क्रॉस सोसाइटी और इनाली फाउंडेशन की ओर से बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में निःशुल्क कृत्रिम हाथ (एलएन-4) वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 70 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर में पूर्वी सिंहभूम जिले के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी दिव्यांगजन पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराकर उन्हें दैनिक कार्यों में सक्षम बनाना और उनके जीवन में आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
एसडीओ ने की पहल की सराहना
मौके पर मौजूद एसडीओ अर्नब मिश्रा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के हित में इस तरह की पहल बेहद सराहनीय है। इससे जरूरतमंद लोगों को नई उम्मीद मिलती है और वे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना लक्ष्य
हेल्प क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद जगाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को सहायता प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्था की इस पहल से दिव्यांगजनों को अपने दैनिक कार्यों में सहूलियत मिलने के साथ ही आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की दिशा में मदद मिलेगी।

