जमशेदपुर: सोनारी एयरपोर्ट पर विमान रनवे से फिसला, बड़ा हादसा टला, एक यात्री घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भुवनेश्वर से लौटा इंडिया वन एयर का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर घास में उतर गया। विमान में चालक दल के दो सदस्य और नौ यात्री सवार थे।

घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, एक यात्री को हल्की चोट आई, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण रनवे गीला था, जिससे विमान फिसल गया। चालक दल की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद विमान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम एयरपोर्ट का निरीक्षण करने सोमवार को पहुंचेगी।



