जमशेदपुर: वज्रपात की चपेट में आने से युवक की मौत, गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीह गांव में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब वज्रपात की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय शिव शंकर महतो के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार शिव शंकर मजदूरी कर शाम को घर लौट रहा था। तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई

जिससे बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के भाई जीतन महतो ने बताया कि शिव शंकर की पत्नी आठ माह की गर्भवती है। ऐसे समय में पति की आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और पत्नी की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सुंदरनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन से ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

