मुंशी मंजेश अपहरण-हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, चार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ से एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) के अपहरण और हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। एसआईटी ने मामले में इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिन्टु कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी और मंजेश कुमार के बीच काम, डीजल व खर्चों को लेकर विवाद था, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों की निशानदेही पर बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल से मंजेश का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

