जमशेदपुर में ड्रग्स और सट्टेबाजी के खिलाफ बनेगा 11 सदस्यीय संगठन, मनोज सिंह संभालेंगे कमान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विधायक सरयू राय की परिकल्पना पर ड्रग्स और सट्टेबाजी के खिलाफ व्यापक जनअभियान चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में 11 सदस्यीय गैर-राजनीतिक संगठन के गठन, गोपनीय हेल्पलाइन शुरू करने और जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
गत 2 अक्टूबर को आयोजित विचार क्रांति सम्मेलन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व आईएएस (एलाइड) मनोज सिंह प्रस्तावित संगठन के संयोजक होंगे। संगठन में अधिवक्ता, काउंसलर, पूर्व सैनिक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल किए जाएंगे।
अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, पंपलेट वितरण और जनसंवाद आयोजित होंगे। हेल्पलाइन से मिलने वाली सूचनाओं की गोपनीयता रखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, विवेक पाण्डेय, सतीश सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, रीना डे, पूजा महानंद, मंजू सिंह, जीतू सिंह, अरविंद चौधरी, राघवेंद्र सिंह, गोल्डन पाण्डेय, विकास रजक, प्रवीण सिंह, विकास साहनी, शेषनाथ पाठक, चुन्नू भूमिज और शमशाद खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

