जादूगोड़ा: पूर्व यूसिल कर्मी महेश प्रसाद ने चिटफंड एजेंट गोपाल पात्रों पर लगाए गंभीर आरोप, लाखों रुपए का भुगतान नहीं मिलने का दावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: जादूगोड़ा के पूर्व यूसिल कर्मी महेश प्रसाद ने यूसील के पूर्व कर्मी और चिटफंड किंग कमल सिंह के एजेंट गोपाल पात्रों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें ₹1 लाख रुपए चिटफंड में लगाने और उच्च ब्याज का प्रलोभन देकर रकम दी गई थी। लेकिन कमल सिंह के भाग जाने के बाद गोपाल पात्रों द्वारा उनका पैसा वापस नहीं किया जा रहा है।

महेश प्रसाद ने बताया कि काफी मिन्नत करने के बाद कुछ पैसा मिला है, लेकिन लगभग ₹25,000 अभी भी बकाया हैं और ब्याज भी नहीं दिया गया। इस कारण वे बीमारी का इलाज और राशन खरीदने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि कई बार गोपाल पात्रों से संपर्क करने पर उल्टे धमकी दी गई। महेश प्रसाद ने इस संबंध में जादूगोड़ा थाना में शिकायत करने की बात भी कही। महेश प्रसाद ने बताया कि गोपाल पात्र कई चिटफंड कंपनियों के एजेंट के रूप में काम कर चुके हैं और टोपनो के एजेंट के रूप में भी प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि 2013 में वे यूसिल से रिटायर हो चुके हैं और अब गंभीर बीमार हैं।

कमल सिंह के चिटफंड घोटाले में कई यूसिल कर्मी एजेंट के रूप में शामिल थे, जो मजदूरों से पैसा लेकर 5% ब्याज का लाभ देते थे और उन्हें कमल सिंह द्वारा अतिरिक्त 1% ब्याज मिलता था। कई एजेंटों ने इस तरीके से काफी पैसा कमाया और कुछ जेल भी गए। इस मामले में गोपाल पात्रों का कहना है कि उनके साथ सेटलमेंट हो गया है।


