
सोनारी की विशेष दत्तक ग्रहण संस्था से अनाथ बच्चा दत्तक परिवार को सौंपा गया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी स्थित विशेष दत्तक ग्रहण संस्था में आवासित एक अनाथ बच्चे को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त राजीव रंजन के माध्यम से दत्तक परिवार को सौंपा गया। रांची निवासी परिवार ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, बच्चों के संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास के लिए निर्धारित प्रावधानों के तहत कार्य किया जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से अब तक पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल सात अनाथ बच्चों को दत्तक परिवारों को सौंपा जा चुका है। यह पहल बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

