बिरसानगर में ब्राउन शुगर के साथ तीन युवक गिरफ्तार, 29 पुड़िया बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-3 स्थित निपर श्रुति गार्डेन के पास पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, 29 पुड़िया, तीन मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद बरामद किए गए। शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार युवकों की पहचान विकास दास, आकाश दास और रोशन मुंडा उर्फ गुड्डा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित मामले दर्ज हैं।
इस मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक नगर संजीव कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राम तवाक्या कुमार, पुलिस निरीक्षक विष्णु कुमार तथा बालमुकुंद प्रसाद वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

