डांडिया-गरबा में नियमों के उल्लंघन की जांच हो, दोषियों पर दर्ज हो प्राथमिकी : अमित शर्मा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:नवरात्र के दौरान आयोजित डांडिया और गरबा कार्यक्रमों में निर्धारित समय-सीमा तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर हिंदू जन जागरण मंच ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मंच के अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने धालभूम के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यक्रमों में रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाए गए और देर रात तक आयोजन जारी रहे। उन्होंने कहा कि जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
मंच ने भविष्य में कार्यक्रमों की अनुमति देते समय नियमों के पालन और आयोजकों के पिछले रिकॉर्ड की समीक्षा करने की भी मांग की। शर्मा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के साथ प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

