दरभंगा स्नातक-शिक्षक निर्वाचन में तेघड़ा के तीन केंद्रों पर मतदान
1,097 मतदाताओं ने डाले वोट
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लोकतंत्र के चुनावी मैदान में शुक्रवार को तेघड़ा प्रखंड के तीन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, लेकिन प्रखंड कार्यालय के पश्चिमी भाग स्थित स्नातक निर्वाचन केंद्र संख्या 86 (क) पर दो मतदाताओं को वोट डाले बिना लौटना पड़ा। तेघड़ा पुरानी बाजार निवासी रूपा कुमारी और प्रीतम कुमार जब मतदान करने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर पहले ही वोट डाला जा चुका है। इस घटना ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
मतदाता सूची के क्रमांक 1237 पर दर्ज रूपा कुमारी, पति प्रिंस कुमार और क्रमांक 904 पर दर्ज प्रीतम कुमार, पिता सुरेंद्र पटेल ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत भी की, लेकिन अंततः मतदान नहीं कर सके। उनके नाम पर पहले मतदान कैसे हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
तीन केंद्रों पर 1,097 मतदाताओं ने डाले वोट
अटल कलम भवन के सभागार स्थित शिक्षक निर्वाचन केंद्र संख्या 83 पर 125 मतदाताओं में 116 ने मतदान किया। इनमें 40 महिलाएं और 76 पुरुष शामिल थे। प्रखंड कार्यालय स्थित स्नातक निर्वाचन केंद्र संख्या 86 पर 998 मतदाताओं में 506 ने वोट डाले। इनमें 145 महिलाएं और 361 पुरुष थे। वहीं, केंद्र संख्या 86 (क) पर 847 मतदाताओं में 475 ने मतदान किया। इनमें 115 महिलाएं और 360 पुरुष शामिल थे।
एक केंद्र पर शाम तक लगी रही कतार
केंद्र संख्या 86 पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही, जो शाम 4:30 बजे तक जारी थी। अन्य दोनों केंद्रों पर मतदान निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह और थानाध्यक्ष क्रांति रमन लगातार मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।
मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा, कांग्रेस, राजद, जन सुराज समेत विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को पर्चियां बांटते और मतदान संबंधी जानकारी देते नजर आए।
53 प्रत्याशियों का चुनावी भविष्य मतपेटियों में बंद
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 40 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं

