संगठन सृजन अभियान को तेज करने के निर्देश, 29 अगस्त को प्रदेश प्रभारी के. राजू का आगमन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर संगठन सृजन अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय तैयारी समिति की बैठक कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय बिष्टूपुर में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता 29 अगस्त को दोपहर 2 बजे दिवंगत पूर्व मंत्री स्व. रामदास सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने और श्रद्धांजलि देने आएंगे। इस अवसर पर सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से डोबो पुल पर सादगीपूर्वक स्वागत के लिए पहुंचने की अपील की गई।
उन्होंने सभी प्रखंड पर्यवेक्षकों को पंचायत समिति, बूथ समिति और BLA-2 के गठन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जहाँ पंचायत नहीं है, वहाँ मुहल्ला समिति, वार्ड समिति और BLA-2 का गठन शीघ्र पूरा करने की बात कही।
जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि 30 अगस्त को निर्धारित बनकाटी, शंकरदा और केरूवाडूंगरी पंचायतों में होने वाले ग्राम सभा कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
बैठक में राकेश कुमार तिवारी, रियाजुद्दीन खान, राजकिशोर यादव, संजय सिंह आजाद, प्रिंस सिंह, अशोक कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

