राष्ट्र संवाद संवाददाता
नीमडीह प्रखंड के बीडीओ ने बुधवार दोपहर आदरडीह और चलियामा पंचायत का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत सचिवालय पहुंचकर उन्होंने सरकारी अभिलेखों की जांच की तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई पंजियों में प्रविष्टियां अधूरी मिलने पर उन्हें तत्काल अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।
बीडीओ अभिनव कुमार ने इश्यू रजिस्टर, डिस्पैच रजिस्टर और इंडेक्स रजिस्टर की जांच की। वहीं वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कैशबुक का सरकारी बैंक खातों से मिलान किया गया। उन्होंने पंचायत कर्मियों को अभिलेखों को नियमित रूप से संधारित करने की हिदायत दी।
मनरेगा के तहत संचालित बागवानी योजनाओं की समीक्षा के दौरान बीडीओ ने लगाए गए पौधों की स्थिति देखी। उन्होंने पौधों की सिंचाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों की आय बढ़ाना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया। 15वें वित्त आयोग की राशि से चल रहे सामुदायिक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने पंचायत सचिवों से कहा कि पंचायत सचिवालय का संचालन बेहतर ढंग से करें और ग्रामीणों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने विकास योजनाओं में पारदर्शिता और गति बनाए रखने पर जोर दिया।

