राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला की विश्वविख्यात छऊ कला के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जीवन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बुधवार को राज्य के कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छऊ कलाकारों की समस्याओं, राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के पुनर्जीवन, कलाकारों के लिए पेंशन, बहुउद्देशीय कला भवन निर्माण तथा युवाओं को पारंपरिक कला से जोड़ने के मुद्दे उठाए।
श्री चौधरी ने कहा कि सरायकेला की छऊ कला झारखंड की गौरवशाली पहचान है और इसके संरक्षण के लिए ठोस पहल जरूरी है। उन्होंने सरायकेला नगर पंचायत के विकास हेतु विशेष फंड, पेयजल संकट के समाधान, सड़क-नाली व आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग भी रखी।
मुलाकात में श्री जगन्नाथ मंदिर, कुदरसाईं मंदिर और मिर्गी चिंगड़ा जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पर्यटन विकास पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर श्री चौधरी ने मंत्री को पारंपरिक छऊ मुखौटा और प्रसिद्ध सरायकेला लड्डू भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री श्री सोनू ने छऊ कला के संरक्षण और सांस्कृतिक विकास के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

