Close Menu
Rashtra SamvadRashtra Samvad
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • होम
    • राष्ट्रीय
    • अन्तर्राष्ट्रीय
    • राज्यों से
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
      • ओड़िशा
    • संपादकीय
      • मेहमान का पन्ना
      • साहित्य
      • खबरीलाल
    • खेल
    • वीडियो
    • ईपेपर
    Topics:
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Home » भारत-नेपाल नई रणनीतिक साझेदारी की दस्तक
    Breaking News Business Headlines अन्तर्राष्ट्रीय कारोबार खबरें राज्य से मेहमान का पन्ना राजनीति राष्ट्रीय शिक्षा संपादकीय

    भारत-नेपाल नई रणनीतिक साझेदारी की दस्तक

    Devanand SinghBy Devanand SinghNovember 24, 2026No Comments7 Mins Read
    Share Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    भारत-नेपाल नई रणनीतिक साझेदारी की दस्तक
    Share
    Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link

    भारत-नेपाल नई रणनीतिक साझेदारी की दस्तक
    -ः ललित गर्ग:-

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का 22-23 नवंबर 2026 का भारत दौरा केवल एक प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल संबंधों में एक संभावित नई शुरुआत का संकेत है। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद किसी देश की उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत की है। सितंबर में वे संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए अमेरिका गए थे, लेकिन वह यात्रा द्विपक्षीय राजकीय यात्रा नहीं थी। इस दृष्टि से नई दिल्ली का उनका पहला पड़ाव विशेष महत्व रखता है। यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि बालेन शाह के सत्ता में आने के बाद नेपाल की विदेश नीति में कुछ नए तेवर दिखाई दिए थे। भारत के प्रति उनके कुछ बयानों ने असहजता पैदा की, जबकि चीन के साथ नेपाल के आर्थिक और रणनीतिक संपर्क लगातार बढ़ते रहे। लेकिन विदेश नीति में स्थायी मित्रता और अस्थायी मतभेद दोनों साथ चलते हैं। “देर आए, दुरुस्त आए”-बालेन शाह का नई दिल्ली आना इसी भाव को पुष्ट करता है।
    भारत ने भी इस रिश्ते में दरवाजा कभी बंद नहीं किया। अगस्त की विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत ने नेपाल को आपात सहायता, राहत सामग्री और तकनीकी सहयोग दिया। भारत की यह भूमिका केवल मानवीय सहायता नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि मुश्किल समय में पड़ोसी ही सबसे पहले काम आता है। भारत और नेपाल का रिश्ता किसी सामान्य राजनयिक समझौते का रिश्ता नहीं है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, धार्मिक-सांस्कृतिक निकटता, विवाह संबंध, तीर्थ परंपरा, भाषा और सामाजिक संपर्क सदियों पुराने हैं। जनकपुर और अयोध्या, पशुपतिनाथ और काशी, बुद्ध की जन्मभूमि लुंबिनी और भारत की बौद्ध परंपरा, ये केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक चेतना के पड़ाव हैं। लेकिन आज की दुनिया में केवल “रोटी-बेटी का रिश्ता” पर्याप्त नहीं है। भावनाओं की अपनी जगह है, पर आर्थिक हित, तकनीक, ऊर्जा, सुरक्षा और कनेक्टिविटी भी रिश्तों की नई भाषा बन चुके हैं। इसलिए भारत-नेपाल संबंधों को भावनात्मक विरासत से आगे ले जाकर आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी में बदलना समय की मांग है।
    नेपाल को विकास के लिए पूंजी, तकनीक, रोजगार, ऊर्जा बाजार और बेहतर संपर्क चाहिए। भारत के पास इन क्षेत्रों में क्षमता है। दूसरी ओर भारत को एक स्थिर, समृद्ध और मित्रवत नेपाल चाहिए। इसीलिए दोनों देशों के हितों में मूलभूत टकराव से अधिक पूरकता है। बालेन शाह का भारत आना अपने आप में कूटनीतिक संदेश है। उनके पूर्ववर्ती केपी शर्मा ओली ने पहली आधिकारिक विदेश यात्रा चीन की करके पुरानी अघोषित परंपरा से अलग रास्ता चुना था। बालेन का भारत से शुरुआत करना यह साबित नहीं करता कि नेपाल चीन से दूरी बना रहा है, लेकिन यह जरूर बताता है कि नई दिल्ली को काठमांडू की विदेश नीति में उसका स्वाभाविक और महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। आज नेपाल भारत और चीन के बीच संतुलन साधना चाहता है। यह उसकी भौगोलिक और आर्थिक वास्तविकता भी है। भारत इसे समझता है और उसे किसी खेमे में धकेलने के बजाय ऐसी साझेदारी विकसित कर सकता है जिसमें नेपाल को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति के साथ विकास के अधिक विकल्प मिलें। यही भारत की वास्तविक कूटनीतिक परीक्षा भी है-नेपाल को यह महसूस कराया जाए कि भारत उसके विकल्प सीमित नहीं करता, बल्कि उसके विकल्प बढ़ाता है। बालेन शाह की यात्रा में नेपाल ने करीब दो अरब डॉलर की अनुदान एवं रियायती ऋण सहायता की मांग रखी है। भारत ने आर्थिक प्रस्ताव पर सकारात्मक संकेत दिए हैं, हालांकि अंतिम पैकेज और उसकी संरचना पर बातचीत जारी है। हवाई मार्ग के प्रश्न पर भी अभी पूर्ण सहमति नहीं बनी है। यहीं भारत को एक नई सोच अपनानी चाहिए।
    नेपाल को केवल सहायता देना पर्याप्त नहीं, नेपाल की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने वाली परियोजनाओं में भारत का भागीदार बनना अधिक उपयोगी होगा। जलविद्युत इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। नेपाल के पास विशाल जलविद्युत क्षमता है, जबकि भारत को स्वच्छ ऊर्जा की बढ़ती जरूरत है। दोनों देश दीर्घकालिक बिजली व्यापार, ट्रांसमिशन लाइन और नई जलविद्युत परियोजनाओं के माध्यम से ऐसा मॉडल बना सकते हैं जिसमें नेपाल बिजली पैदा करे, भारत बाजार उपलब्ध कराए और दोनों देश समृद्ध हों। भारत-नेपाल के बीच 10,000 मेगावाट तक दीर्घकालिक बिजली व्यापार का लक्ष्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पंचेश्वर परियोजना, लोअर अरुण, सीमा-पार बिजली संपर्क और नए ऊर्जा गलियारों को पुराने मतभेदों की फाइलों में दबाकर नहीं रखा जा सकता। “जब जागो तभी सवेरा”-अब दोनों देशों को लंबित परियोजनाओं को परिणाम की जमीन पर उतारना होगा। भारत-नेपाल संबंधों का अगला बड़ा अध्याय कनेक्टिविटी होना चाहिए। रेल, सड़क, पाइपलाइन, डिजिटल नेटवर्क और हवाई संपर्क, ये आधुनिक युग की नई कूटनीतिक धमनियां हैं। अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क का आज ही शुरु होना सांस्कृतिक और पर्यटन दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क भविष्य में व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को नई दिशा दे सकता है। सीमा पर एकीकृत जांच चौकियां, ऊर्जा पाइपलाइन और व्यापारिक गलियारों का विस्तार दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ सकता है। नेपाल के भैरहवा और पोखरा जैसे हवाई अड्डों के लिए अतिरिक्त भारतीय हवाई मार्ग की मांग भी महत्वपूर्ण है। इस विषय पर सुरक्षा, तकनीकी और हवाई क्षेत्र से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान खोजने की जरूरत है। कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा जैसे सीमा विवाद दोनों देशों के संबंधों की संवेदनशील वास्तविकता हैं। इसके अलावा 1950 की भारत-नेपाल संधि की समीक्षा, गोरखा सैनिकों की भर्ती, व्यापार असंतुलन और पंचेश्वर जैसे विषय भी समय-समय पर तनाव पैदा करते रहे हैं। इन विवादों को न तो नजरअंदाज किया जा सकता है और न ही उन्हें हर बैठक का केंद्र बनाना उचित होगा। रास्ता है-संवाद, तथ्य, संवेदनशीलता और राजनीतिक परिपक्वता।
    भारत-नेपाल संबंधों की चर्चा चीन के बिना अधूरी है। नेपाल चीन के साथ भी सड़क, ऊर्जा, संपर्क और बेल्ट एंड रोड से जुड़ी परियोजनाओं में सहयोग कर रहा है। भारत को इसे केवल भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की दृष्टि से देखने के बजाय नेपाल की विकास आकांक्षाओं को समझना चाहिए। भारत की श्रेष्ठ रणनीति यह होगी कि वह नेपाल से कहे-“तुम्हारे विकास का रास्ता तुम्हारा है, लेकिन उस रास्ते में भारत तुम्हारा विश्वसनीय पड़ोसी और साझेदार है।” भारत को अपनी क्षमता से नेपाल को यह विश्वास दिलाना होगा कि लोकतंत्र, विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल अर्थव्यवस्था और ऊर्जा में भारत की साझेदारी दीर्घकालीन है। विश्वास बंदूक से नहीं, व्यवहार से बनता है। भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति को अब एक और व्यापक स्वरूप देने की आवश्यकता है। पड़ोसी देशों के साथ संबंध केवल सहायता देने या राजनीतिक संपर्क तक सीमित न रहें, बल्कि साझा आर्थिक विकास के प्लेटफॉर्म पर आधारित हों। एक विचार यह हो सकता है कि भारत नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका और मालदीव जैसे पड़ोसी देशों के साथ साझा विकास, आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क और व्यापार का एक नया बहुपक्षीय मंच विकसित करे। पाकिस्तान को छोड़कर शेष इच्छुक पड़ोसी देशों के लिए ऐसा सहयोगी ढांचा दक्षिण एशिया में भारत की सकारात्मक शक्ति को बढ़ा सकता है। यह कोई सैन्य गठबंधन नहीं, बल्कि विकास और मानव सुरक्षा का गठबंधन हो-जहां बिजली, पानी, सड़क, रेल, डिजिटल भुगतान, आपदा राहत, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन साझा समृद्धि के साधन बनें।
    नेपाल के साथ इस मॉडल की शुरुआत सबसे स्वाभाविक हो सकती है। हिमालय से बंगाल की खाड़ी तक एक ऐसा आर्थिक गलियारा विकसित हो सकता है जिसमें नेपाल की जलविद्युत, भारत का बाजार और बांग्लादेश की ऊर्जा जरूरतें एक-दूसरे से जुड़ें। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है। बालेन शाह का दिल्ली दौरा केवल रिश्तों को रीसेट करने का अवसर नहीं होना चाहिए, इसे रिश्तों को री-इमैजिन करने का अवसर बनाना चाहिए। आज हिमालय की ऊंचाइयों से एक नई आवाज आ रही है-साझेदारी की, समृद्धि की और साझा सुरक्षा की। यदि बालेन शाह की नई पीढ़ी की आकांक्षाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पड़ोसी प्रथम नीति एक-दूसरे से जुड़ती हैं तो भारत-नेपाल संबंध दक्षिण एशिया में सहयोग का नया मॉडल बन सकते हैं। कहावत है-“एक और एक ग्यारह होते हैं।” भारत और नेपाल यदि अपनी शक्तियों को जोड़ दें तो दोनों अकेले जितना हासिल कर सकते हैं, उससे कहीं अधिक हासिल कर सकते हैं। दिल्ली से काठमांडू तक केवल मैत्री की हवा नहीं, बल्कि विकास की नई बयार बह सकती है। यही भारत-नेपाल संबंधों की नई रणनीतिक दृष्टि होनी चाहिए।

    कूटनीतिक साझेदारी दक्षिण एशिया बालेन शाह भारत-नेपाल संबंध विदेश नीति
    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Previous Articleजमशेदपुर मंडल कारा में डीसी और एसएसपी की अगुवाई में औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
    Next Article यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

    Related Posts

    यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

    November 24, 2026

    जमशेदपुर मंडल कारा में डीसी और एसएसपी की अगुवाई में औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

    November 23, 2026

    सत्ता के शिखर पर बैठे तीन नेताओं के सिर से उठा मां का साया

    November 23, 2026

    Comments are closed.

    अभी-अभी

    यूपी में नया साल चुनावी बिगुल के साथ देगा दस्तक

    भारत-नेपाल नई रणनीतिक साझेदारी की दस्तक

    जमशेदपुर मंडल कारा में डीसी और एसएसपी की अगुवाई में औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

    सत्ता के शिखर पर बैठे तीन नेताओं के सिर से उठा मां का साया

    राजेश सिंह और रवि सिंह चंदेल ने की आदित्य साहू व शशांक राज से मुलाकात, संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

    राजेश सिंह और रवि सिंह चंदेल ने की आदित्य साहू व शशांक राज से मुलाकात, संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

    मां के आंचल की छांव छूटी, अंतिम विदाई में उमड़ा पूरा जनसैलाब

    बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में अब मामलों की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की जा सकेगी

    वसंत जमशेदपुरी की दो पुस्तकों का लोकार्पण, 11 कहानियों का हुआ पाठ

    खुशियों के सफर पर हादसे का ब्रेक, कार सवार सात युवक घायल

    Facebook X (Twitter) Telegram WhatsApp
    © 2026 News Samvad. Designed by Cryptonix Labs .

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.