जमशेदपुर में चापड़बाजी का बढ़ता ग्राफ, 5 आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में चापड़ से हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में उलीडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चापड़बाजी के एक मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमन प्रताप, शुभम सिंह, वरुण पाल, अनिस सिंह और राहुल शर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
शनिवार शाम उलीडीह पुलिस ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
साईं मंदिर के पास हुआ था जानलेवा हमला
यह घटना 29 मार्च को उलीडीह थाना क्षेत्र के ओल्ड सिटी स्थित साईं मंदिर के समीप हुई थी। आपसी विवाद में शीतिज सिंह नामक युवक पर चापड़ से हमला किया गया था। आरोपियों ने युवक के सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के बयान पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अलग-अलग जगहों से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शहर में बढ़ रहे हैं चापड़ से हमले
शहर में हाल के दिनों में चापड़बाजी की घटनाओं में तेजी देखी गई है। कई मामलों में मारपीट के दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस ने भी अलग-अलग इलाकों से कई चापड़ बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि युवाओं में खासकर चाइनीज चापड़ का इस्तेमाल बढ़ रहा है।
रामनवमी के दौरान भी पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में चापड़ जब्त किए थे।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

