
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। संयुक्त संघर्ष परिषद, नई दिल्ली के आह्वान पर 19 नवंबर को आयकर विभाग, जमशेदपुर के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने प्रधान आयकर आयुक्त के चैंबर के समक्ष अर्धदिवसीय धरना दिया। धरने के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी लंबित एवं जायज मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
धरने का नेतृत्व आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ, जमशेदपुर के सचिव के. श्रीनिवास तथा आयकर कर्मचारी महासंघ, जमशेदपुर के अध्यक्ष सह झारखंड के संगठन सचिव नरेंद्र कुमार कर्ण ने किया। इस अवसर पर बिहार-झारखंड आयकर कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार, सेवा सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियों से जुड़ी मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से एकजुट रहने की अपील की。
आंदोलन के अगले चरण में काली झंडी प्रदर्शन, जनसंपर्क कार्यक्रम, अर्धदिवसीय धरना और पूरे दिन काम बंद रखने जैसे कार्यक्रम निर्धारित हैं। मांगों पर समाधान नहीं होने पर तलाशी, सर्वेक्षण और स्रोत पर कर कटौती से जुड़े कार्यों में सहयोग नहीं करने जैसे विरोध कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए नरेंद्र कुमार कर्ण ने सभी साथियों का आभार जताया और भविष्य में आंदोलन जारी रखने के साथ चट्टानी एकता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण चौहान, अंजलि लकड़ा, संतोष चौबे, सुजीत कुमार, बिरमल हांसदा, घनश्याम चौबे, त्रिलोचन हरपाल, अनिता, अनिमा सहित अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

