
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन
क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करना
राष्ट्र संवाद/ बेगूसराय
मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनमें निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के आदेशानुसार जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के चिन्हित निर्वाचन साक्षरता क्लबो
ईएलइएस में तीन चरणों में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 नवम्बर से हो चुका है। प्रथम चरण के तहत 17 से 22 नवम्बर तक विभिन्न चिन्हित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संस्थान स्तर पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सहायक नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। प्रत्येक संस्थान से दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दो दो विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को संबंधित विद्यालय अथवा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में 24 से 27 नवम्बर तक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इसमें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक चिन्हित संस्थान से चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से शीर्ष दस प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा जिन्हें संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ईआरओ द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं तृतीय एवं अंतिम चरण के तहत 01 दिसम्बर को जिला स्तर पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चयनित शीर्ष दस प्रतिभागी शामिल होंगे। जिलास्तरीय प्रतियोगिता उप निर्वाचन पदाधिकारी के संपूर्ण प्रभार में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन एवं चयन प्रक्रिया को 02 दिसम्बर तक पूर्ण कराने के लिए उप विकास आयुक्त को नोडल पदाधिकारी तथा अवर निर्वाचन पदाधिकारी बखरी को सहायक नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

