
दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित
मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे
राष्ट्र संवाद/बेगूसराय
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त मुंगेर प्रमंडल सह निर्वाचक सूची प्रेक्षक प्रेम सिंह मीणा द्वारा जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने साहेबपुरकमाल विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 266 मध्य विद्यालय बिंद टोली एवं मतदान केंद्र संख्या 21 मध्य विद्यालय बड़ी बलिया बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 236 ग्राम पंचायत भवन लाखो एवं मतदान केंद्र संख्या 240 सामुदायिक भवन तथा मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 154 एवं 155 उत्क्रमित मध्य विद्यालय महमदपुर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से बातचीत कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति प्रपत्र 6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 को लेकर प्रथम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा डीएम रिची पांडेय द्वारा उनका स्वागत किया गया। बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आयुक्त को मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति एवं पुनरीक्षण कार्य की प्रगति से अवगत कराया गया। 12 नवंबर को प्रकाशित एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची में जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 21,57,996 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 11,44,875 पुरुष 10,13,092 महिला एवं 29 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले का वर्तमान औसत लिंगानुपात प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर 885 महिला मतदाता है। इसके अतिरिक्त 18-19 आयु वर्ग के 10,611 युवा मतदाता 20,687 दिव्यांग मतदाता तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 34,465 वरिष्ठ मतदाता भी सूची में शामिल हैं। समीक्षा के दौरान बताया गया कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित है। इसके तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त दावा आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी को निर्धारित है।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का पंजीकरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि जिन मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त नहीं हैं वहां शीघ्र बीएलए का चयन एवं प्रतिनियोजन सुनिश्चित करें जिससे कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी बनी रहे और नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने में सहयोग मिल सके।
मौके पर जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रिची पांडेय उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मुंगेर प्रमंडल देवब्रत मिश्रा उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरभ कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे。

