
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी में पालतू कुत्ते की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अफसर के रूप में हुई है। इस मामले में फरजाना परवीन ने जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राथमिकी के अनुसार, फरजाना के पड़ोस में रहने वाले दुलारे, मोहम्मद फजल, मोहम्मद अफसर और दुलारे के भतीजे पर उनके पालतू कुत्ते टॉमी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। फरजाना ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर को सभी आरोपी उनके घर पहुंचे और टॉमी को उठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि इसके बाद कुत्ते को पास के रेलवे ट्रैक पर लोहे के तार से बांध दिया गया।
कुछ देर बाद वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से टॉमी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फरजाना ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नामजद आरोपी मोहम्मद अफसर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, प्राथमिकी में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

