
लेखक: राष्ट्र संवाद डेस्क
अविभाजित बिहार में राजनीतिक उपेक्षा झेल रहे पलामू की आवाज बने नामधारी; बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहते आगरा अधिवेशन में वनांचल राज्य का प्रस्ताव पारित कराने में निभायी अहम भूमिका
15 नवंबर 2000. दशकों का संघर्ष और झारखंडवासियों की अलग राज्य की आकांक्षा इसी दिन साकार हुई. झारखंड का निर्माण किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रयास से नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के त्याग, जनआकांक्षाओं और विभिन्न राजनीतिक धाराओं के सामूहिक संघर्ष का परिणाम था. इस ऐतिहासिक यात्रा में पलामू की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही.
अविभाजित बिहार के दौर में राजनीतिक और प्रशासनिक उपेक्षा झेल रहे पलामू की आवाज को मुखर करने वाले नेताओं में इंदर सिंह नामधारी का योगदान उल्लेखनीय रहा. उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को राजनीतिक मंचों पर उठाने के साथ अलग झारखंड राज्य की मांग को भी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता का हिस्सा बनाया.अलग झारखंड राज्य की मांग को राजनीतिक समर्थन दिलाना उस दौर में आसान नहीं था. नामधारी ने अपनी ही पार्टी भाजपा के भीतर वनांचल राज्य की मांग को मजबूती से उठाया. बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहते उन्होंने इस मुद्दे को राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभायी.बात वर्ष 1988 की है. तब आगरा में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में छोटानागपुर और संताल परगना को मिलाकर वनांचल राज्य बनाने का प्रस्ताव पारित होना इस दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव था. इस राजनीतिक पहल में नामधारी के साथ पार्टी के कई अन्य नेता भी सक्रिय थे. प्रस्ताव ने अलग राज्य की मांग को राष्ट्रीय राजनीतिक मंच पर महत्वपूर्ण पहचान दिलायी.
नामधारी की भूमिका का उल्लेख पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो ने अपनी पुस्तक Journey of Jharkhand Movement में भी किया है. महतो के अनुसार, नामधारी ने भाजपा के भीतर वनांचल राज्य की मांग को मजबूती से उठाया. इस प्रयास में रुद्र प्रताप सारंगी, रीतलाल वर्मा, समरेश सिंह, छत्रु महतो और ललित उरांव जैसे नेता भी सक्रिय थे.इस पुस्तक में उल्लेख है कि उस दौर में उत्तर बिहार के भाजपा नेताओं का वनांचल राज्य की मांग को लेकर विरोध था. इसके बावजूद नामधारी ने पार्टी के भीतर इस मांग को पीछे नहीं हटने दिया. वर्ष 1988 में बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने इसे केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने का प्रयास किया. पुस्तक में दर्ज यह विवरण अलग राज्य के लिए राजनीतिक सहमति बनाने की प्रक्रिया में नामधारी के योगदान को रेखांकित करता है.जिस अलग राज्य की मांग को नामधारी ने भाजपा में रहते हुए उठाया था, उसके अस्तित्व में आने के समय वे जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े थे. 15 नवंबर 2000 को झारखंड बना, तो उन्हें नवगठित विधानसभा का प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव मिला. इस तरह अलग राज्य की राजनीतिक मांग को आगे बढ़ाने से लेकर उसकी पहली विधानसभा के संचालन तक उनका सफर जुड़ा रहा.झारखंड का निर्माण सामूहिक संघर्ष और जनआकांक्षाओं का परिणाम था. इस ऐतिहासिक यात्रा में इंदर सिंह नामधारी की भूमिका भी उल्लेखनीय रही. पलामू की क्षेत्रीय आकांक्षाओं को राजनीतिक मंच पर मजबूती देने और नवगठित राज्य की पहली विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका झारखंड के राजनीतिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है.पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो ने अपनी पुस्तक में नामधारी के प्रयासों को रेखांकित करते हुए लिखा है कि झारखंड का इतिहास उनके योगदान को स्वर्ण अक्षरों में लिखेगा.

