जामताड़ा में जिला स्तरीय एफ.एल.एन. मेला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में शुक्रवार को पीएम श्री योजना अंतर्गत जिला स्तरीय एफ.एल.एन. मेला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ सी एम एस ओ ई जे बी सी प्लस टू विद्यालय, जामताड़ा में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जामताड़ा के आई टी डी ए के परियोजना निदेशक जुगनू मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों को पौधा, शाल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में आई टी डी ए के परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की मजबूत नींव ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है। बच्चों का शैक्षणिक विकास के साथ साथ शारीरिक और मानसिक विकास जरूरी है। हमे पारम्परिक संस्कृति का संरक्षण करना चाहिए और बच्चों में भी इसको जागृत करना चाहिए। उन्होंने अपने गीत किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार, किसी का दर्द ले सके तो बांट के माध्यम से जीवन को जीने की कला को सिखाया। उन्होंने कहा कि एफ.एल.एन. मेला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता जैसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण को अपनाते हुए बच्चों को सरल एवं प्रभावी तरीके से शिक्षा दें, जिससे उनकी समझ और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि हो।
कार्यक्रम का विषय प्रवेश जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम द्वारा किया गया। उन्होंने एफ.एल.एन. कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कक्षा 3 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने एवं गणना की दक्षता विकसित करना इस एफ एल एन मेला का उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर बच्चा समझ के साथ पढ़े, आत्मविश्वास के साथ लिखे और आसानी से गणित के सवाल हल कर सके। इसके लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है और स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे खेल-खेल में नई चीजें सीखेंगे। इसमें अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। अगर घर और स्कूल दोनों मिलकर काम करें, तो बच्चों का विकास और बेहतर होगा। ए पी ओ मनोज कुमार ने बताया कि अगले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुस्तक मेला का आयोजन किया जाएगा।
आई टी डी ए के परियोजना निदेशक जुगनू मिंज, डी ई ओ चार्ल्स हेम्ब्रम, डी एस ई विकेश कुणाल प्रजापति ने शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम), एफ.एल.एन. गतिविधियों एवं विज्ञान से संबंधित मॉडल एवं नवाचारों के आकर्षक प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया। पी एम श्री विद्यालय के लिए आयोजित एफ एल एन के मॉडल और क्विज प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक विद्या सागर एवं दुर्गेश कुमार दुबे द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ए.डी.पी.ओ. रश्मि एक्का के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में ए पी ओ मनोज कुमार, बी ई ई ओ मिलन कुमार घोष, जे बी सी जामताड़ा के प्राचार्य एबीमाईल टुडू, निर्णायक मंडली के सदस्य दुलाल हांसदा,बी हरिहरण,सोमनाथ साधू,दीपा सिन्हा,रणधीर पांडेय,पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर सौभिक बनर्जी, एफ एल एन के जिला संयोजक आशीष सिंह सहित 9 पी एम श्री विद्यालय के प्रधानाध्यापक और छात्र छात्रा उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में एस एस ए कर्मी अनिल कुमार, विनोद राजहंस, कमलेश कुमार, कामाख्या मंडल, सुमना बाउरी उपस्थित थे ।

