डीसी और एसपी के हाथों सम्मानित हुए फतेहपुर प्रखंड के प्रधान लिपिक अबरार अहमद खान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: लोकतंत्र के महापर्व के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित करने के क्रम में फतेहपुर प्रखंड के प्रधान लिपिक अबरार अहमद खान को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जिला निर्वाचन कार्य में उनकी सक्रिय भूमिका, समर्पण और जिम्मेदारियों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए प्रदान किया गया।
जिला में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने संयुक्त रूप से अबरार अहमद खान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपायुक्त और एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सफल बनाने में प्रशासनिक कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, और अबरार अहमद खान जैसे कर्मी दूसरों के लिए प्रेरणा हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अबरार अहमद खान ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है और यह उन्हें आगे भी अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने अपनी टीम और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिले के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति ने इस सम्मान समारोह को और भी खास बना दिया।

