घाटशिला महाविद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का हुआ उद्घाटन
सिविल सर्जन डॉक्टर साहिर पाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य पाना है तो स्वस्थ रहना जरूरी है और स्वस्थ रहने हेतु समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाना आवश्यक
लक्ष्य प्राप्ति हेतु स्वस्थ रहना जरूरी: सिविल सर्जन
घाटशिला महाविद्यालय में आयोजित दस दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम जिला के सिविल सर्जन डॉक्टर साहिर पॉल शामिल हुए। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल अस्पताल घाटशिला के प्रभारी डॉक्टर शंकर टू डू, पावड़ा पंचायत के मुखिया पार्वती मुर्मू तथा
विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत मौजूद थे। इस मौके पर जिला सिविल सर्जन डॉक्टर साहिर पाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य पाना है तो स्वस्थ रहना जरूरी है और स्वस्थ रहने हेतु समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाना आवश्यक है। उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय द्वारा लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध हो, इस हेतु वे प्रयत्नशील हैं।
निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने सभी अतिथियों का अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ने कहा कि इस महाविद्यालय में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं का निशुल्क स्वास्थ्य जांच करवाना उनकी प्राथमिकता है।
कॉलेज में चल रहे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण घाटशिला के एसडीओ सत्यवीर रजक तथा अंचल अधिकारी राजीव कुमार ने भी किया तथा उन्होंने भी अपना स्वास्थ्य जांच शिविर में करवाया।
इस आयोजन की सराहना करते हुए लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए यह शिविर एक वरदान सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रो इंदल पासवान तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ एसके सिंह ने किया। इस मौके डा पीके गुप्ता, डा नरेश कुमार, डा संदीप चंद्रा, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट महेश्वर प्रमाणिक के अलावे काफी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित थे।
स्वास्थ्य जांच शिविर में डॉ नमिता झा, सरिता पन्ना, नीलिमा तिग्गा, गोविंद किस्कू, सत्येंद्र कुमार तथा तपन कुमार ने मिलकर 128 विद्यार्थियों के साथ कई शिक्षकों का रक्त, हिमोग्लोबिन, मलेरिया, सोरायसिस, आंख, यूरिक एसिड, सामान्य बीमारी में सर्दी, खांसी, बुखार, एनीमिया, लड़कियों में वाइट डिस्चार्ज जैसे बीमारी का जांच किया तथा उसे निःशुल्क दवा दिया। आज के जांच में यह देखा गया कि कई छात्रों में आंख संबंधी समस्या है। ऐसे छात्रों का नाम पता लिखा गया है ताकि एक दिन विशेष रूप से आंख जांच को लेकर शिविर लगाया जा सके।
प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने बताया कि अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला एवं घाटशिला महाविद्यालय के एनसीसी ईकाई के संयोजन में आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर 10 दिसंबर तक संचालित होगा।
मतदान पहचान पत्र बनाने हेतु घाटशिला महाविद्यालय में खुला हेल्पडेस्क
घाटशिला महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं का मतदान पहचान पत्र बनवाने हेतु कॉलेज में पीजी ब्लॉक के आगे जिला प्रशासन द्वारा हेल्पडेस्क लगाया गया। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक, अंचलाधिकारी राजीव कुमार, कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर के चौधरी, प्रो इंदल पासवान के अलावा काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


