Close Menu
Rashtra SamvadRashtra Samvad
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • होम
    • राष्ट्रीय
    • अन्तर्राष्ट्रीय
    • राज्यों से
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
      • ओड़िशा
    • संपादकीय
      • मेहमान का पन्ना
      • साहित्य
      • खबरीलाल
    • खेल
    • वीडियो
    • ईपेपर
    Topics:
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Home » औद्योगिक विकास की दौड़ में मज़दूरों की सुरक्षा खतरे में
    Breaking News Business Headlines उत्तर प्रदेश ओड़िशा कारोबार खबरें राज्य से चाईबासा जमशेदपुर जामताड़ा झारखंड दुमका धनबाद पटना पश्चिम बंगाल बिहार बेगूसराय मुंगेर रांची राजनीति राष्ट्रीय संथाल परगना संथाल परगना संपादकीय सरायकेला-खरसावां हजारीबाग

    औद्योगिक विकास की दौड़ में मज़दूरों की सुरक्षा खतरे में

    News DeskBy News DeskJuly 3, 2025No Comments7 Mins Read
    Share Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Share
    Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link

    औद्योगिक विकास की दौड़ में मज़दूरों की सुरक्षा खतरे में
    देवानंद सिंह
    तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले के पासामईलरम औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फार्मा कंपनी में हुए भीषण विस्फोट ने न केवल 36 निर्दोष जिंदगियों को लील लिया, बल्कि भारत के औद्योगिक विकास की बुनियाद पर खड़े मज़दूरों की सुरक्षा और श्रम कानूनों की वास्तविकता पर भी गहरा सवाल खड़ा कर दिया है। यह घटना अपने आप में एक त्रासदी नहीं, बल्कि वर्षों से चल रही उदासीन सरकारी निगरानी, कॉर्पोरेट लालच और श्रमिकों की सुरक्षा की अनदेखी का प्रत्यक्ष परिणाम है।

    सोमवार सुबह 9 से 9:30 बजे के बीच जब पासामईलरम स्थित इस फार्मा इकाई में एक रिएक्टर फटा, उस समय वहां 143 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 लोगों की मौत हो चुकी है, 58 को बचा लिया गया है और शेष लापता हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। विस्फोट इतना भयानक था कि रासायनिक प्यूरिफ़िकेशन प्लांट की पूरी इमारत ध्वस्त हो गई, और आसपास की इमारतें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

    प्लांट से घंटों तक धुआं निकलता रहा, जो इस बात की ओर संकेत करता है कि अंदर भारी मात्रा में रासायनिक कच्चा माल मौजूद था। राहत और बचाव कार्यों में बाधा पहुंचा रही यह रासायनिक जटिलता, दर्शाती है कि सुरक्षा मानकों का किस हद तक उल्लंघन किया गया था।

    जिस किसी ने इस दुर्घटना के बाद फैक्ट्री गेट पर परिजनों की चीख-पुकार और एंबुलेंस के पीछे दौड़ते लोगों के दृश्य देखे हैं, वह यह समझ सकता है कि यह हादसा केवल एक औद्योगिक असफलता नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का अपमान भी है। ओडिशा की एक महिला अपने पति प्रशांत महापात्रा की तलाश में फूट-फूट कर रोती रहीं। बिहार से आए लक्ष्मी मुखिया के परिवार वाले फैक्ट्री के बाहर किसी खबर की उम्मीद में खड़े रहे, पर हर गुज़रती एंबुलेंस उनके मन में एक अनिश्चित डर छोड़ जाती। न तो कंपनी के पास आपदा प्रबंधन की कोई पारदर्शी व्यवस्था थी, न ही मज़दूरों के रिकॉर्ड को लेकर स्थिति स्पष्ट थी।

    यह दृश्य बताता है कि किस तरह भारत के औद्योगिक ढांचे में काम कर रहे हज़ारों प्रवासी मज़दूरों की ज़िंदगी और मौत आंकड़ों तक ही सीमित रह जाती है। प्रशासन और मीडिया की भाषा में इसे एक ‘दुर्घटना’ कहा जा रहा है, लेकिन क्या इसे केवल एक हादसे के तौर पर देखा जाना चाहिए? शुरुआती जांच से यह संकेत मिलते हैं कि विस्फोट की वजह रासायनिक पदार्थों से नमी हटाने की प्रक्रिया के दौरान एयर प्रेशर में अचानक आए  बदलाव हो सकता है।

     

    लेकिन क्या यह तकनीकी विफलता मात्र है? विशेषज्ञों का मानना है कि केमिकल रिएक्टर संचालन के दौरान तापमान, दबाव और वेंटिलेशन की नियमित निगरानी अनिवार्य होती है। यदि, इस तरह का विस्फोट हुआ, तो यह सुरक्षा प्रोटोकॉल की घोर अनदेखी को दर्शाता है। इससे स्पष्ट होता है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने सुरक्षा उपायों की अनदेखी की और मज़दूरों की जान को जोखिम में डाल दिया।

    भारत में फार्मा और केमिकल इंडस्ट्री का तेज़ी से बढ़ता दायरा, मुनाफे की होड़ में सुरक्षा को अक्सर पीछे छोड़ देता है। ऐसे हादसे इस प्रवृत्ति का परिणाम हैं। इस त्रासदी में मारे गए और घायल हुए अधिकांश मज़दूर ओडिशा, बिहार, झारखंड, और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से आए प्रवासी श्रमिक थे। बेहतर जीवन और रोज़गार की तलाश में वे दूर-दराज़ के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने आते हैं। लेकिन यहां उन्हें न तो स्थायी नौकरी मिलती है, न कोई सामाजिक सुरक्षा।

     

    मज़दूर न केवल काम के दौरान खतरनाक हालातों का सामना करते हैं, बल्कि दुर्घटना के बाद भी उनकी पहचान, मुआवज़ा और शवों की वापसी को लेकर सरकारी व्यवस्था असमंजस में रहती है। बिहार सरकार ने इस त्रासदी में मारे गए दो मज़दूरों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की है। लेकिन सवाल यह है कि क्या इससे उनके भविष्य का पुनर्निर्माण संभव है?

    मजदूरों की सुरक्षा की यह स्थिति उस स्याह हकीकत को उजागर करती है, जहां राष्ट्र निर्माण में सबसे बड़ा योगदान देने वाले लोग सबसे कम सुरक्षा पाते हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 10 लाख और अन्य घायलों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही, तुरंत खर्च के लिए मृतकों के परिजनों को 1 लाख और घायलों के परिजनों को 50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे।

    राज्य सरकार ने इस हादसे की जांच के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए नए नियमों की घोषणा की बात भी कही गई है। हालांकि, यह घोषणाएं राहत तो देती हैं, पर क्या यह न्याय है? क्यों हमेशा हादसों के बाद ही जांच और नियमों की बात होती है? क्यों पूर्व-नियोजन, पूर्व-सावधानी और सतत निगरानी नहीं होती?

    यहां पर राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रशासनिक सतर्कता की कमी उजागर होती है, जो ऐसे हादसों की मूल वजहों में से एक है। भारत में औद्योगिक सुरक्षा और श्रम कानूनों का ढांचा व्यापक और परिष्कृत प्रतीत होता है, लेकिन इसका क्रियान्वयन बुरी तरह से विफल है।

     

    2020 में भोपाल गैस त्रासदी की 36वीं वर्षगांठ पर एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें कहा गया था कि भारत में औद्योगिक दुर्घटनाओं की संख्या में साल दर साल वृद्धि हो रही है। नैशनल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और फैक्ट्रीज़ ऐक्ट जैसे कानूनों का प्रभाव तभी होता है, जब उन्हें ईमानदारी और सख्ती से लागू किया जाए। दुर्भाग्यवश, ‘इंस्पेक्टर राज’ के डर से बचने और ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ के नाम पर कई सुरक्षा निरीक्षणों को कम कर दिया गया है, जिससे कॉर्पोरेट क्षेत्र के लिए तो राह आसान हो गई, लेकिन मज़दूरों के लिए काम की जगहें और अधिक खतरनाक बन गईं। भारत में औद्योगिक दुर्घटनाओं की खबरें एक-दो दिन चलती हैं, फिर मीडिया और समाज का ध्यान कहीं और चला जाता है, लेकिन उन परिवारों के लिए यह घटना एक जीवन भर का दुख बन जाती है।

     

    ज़रूरत है कि मीडिया ऐसी घटनाओं पर गहराई से रिपोर्टिंग करे और सरकार तथा कंपनियों की जवाबदेही तय करने के लिए सतत दबाव बनाए रखे। वहीं, नागरिक समाज को भी मज़दूरों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए आवाज़ बुलंद करनी चाहिए। इस त्रासदी के बाद जो जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, वे केवल राहत राशि तक सीमित नहीं रह सकते।  फैक्ट्रियों की सुरक्षा जांच के लिए एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सक्षम एजेंसी बनाई जानी चाहिए, जो नियमित रूप से निरीक्षण करे। हर औद्योगिक इकाई में कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए नियमित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अनिवार्य हो।
    केंद्र और राज्य सरकारें एकीकृत डिजिटल पोर्टल पर हर फैक्ट्री में कार्यरत मज़दूरों का डेटा एकत्र करें ताकि किसी भी आपदा में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।  मज़दूरों के लिए कम-से-कम ₹10 लाख की अनिवार्य जीवन बीमा योजना लागू की जाए, जिसमें प्रीमियम का अधिकांश हिस्सा फैक्ट्री मालिक वहन करें। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कंपनियों और अधिकारियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा चलाया जाए।

     

    कुल मिलाकर, पासामईलरम की यह भयावह दुर्घटना सिर्फ एक स्थान की घटना नहीं है, यह उस पूरे ढांचे की विफलता है, जो भारत में तेज़ औद्योगिक विकास को मज़दूरों की जान की कीमत पर खड़ा कर रहा है। यदि, भारत को एक सशक्त, न्यायसंगत और मानवीय औद्योगिक राष्ट्र बनना है, तो मज़दूरों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता देनी होगी। यह केवल सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज, मीडिया, न्यायपालिका और कॉर्पोरेट जगत – सभी की सामूहिक जवाबदेही है, जो जीवन खो गए, उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उनके नाम पर एक नई औद्योगिक चेतना जरूर खड़ी की जा सकती है। एक ऐसी चेतना, जिसमें सुरक्षा नियमों को कागज़ पर नहीं, ज़मीन पर लागू किया जाए और जहां हर मज़दूर की ज़िंदगी को उतनी ही अहमियत दी जाए जितनी मुनाफे को दी जाती है।

    In the race for industrial development the safety of workers is at risk
    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Previous Articleआदिवासी अस्मिता पर प्रहार, झारखंड की आत्मा पर चोट
    Next Article ऑल झारखंड ड्राइवर महासंघ ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से की एंबुलेंस की मांग

    Related Posts

    25 मई को दामोदर महोत्सव, राज्यपाल पहुंचेंगे दामोदर के उद्गम स्थल पर विधायक सरयू राय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

    May 22, 2026

    भारतीय कला परम्पराएं जीवंत सांस्कृतिक धरोहर : डॉ. सच्चिदानंद जोशी

    May 22, 2026

    राजीव गांधी के 36वें शहादत दिवस पर साकची में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

    May 22, 2026

    Comments are closed.

    अभी-अभी

    25 मई को दामोदर महोत्सव, राज्यपाल पहुंचेंगे दामोदर के उद्गम स्थल पर विधायक सरयू राय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

    भारतीय कला परम्पराएं जीवंत सांस्कृतिक धरोहर : डॉ. सच्चिदानंद जोशी

    राजीव गांधी के 36वें शहादत दिवस पर साकची में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

    चमकता आईना के प्रकाशक विनय शुक्ला की माता का निधन, आज निकलेगी अंतिम यात्रा

    भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के सभी न्यायालयों और बार भवन में पेयजल और स्वास्थ्य चिकित्सा की व्यवस्था जरूरी: राजेश शुक्ल 

    कदमा में जुआ अड्डे पर पुलिस का छापा, आठ आरोपी गिरफ्तार, 35 हजार से अधिक नकद बरामद

    उप विकास आयुक्त, जामताड़ा निरंजन कुमार की अध्यक्षता में आज उप विकास आयुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक संपन्न

    जामताड़ा में शनिवार को चलेगा विशेष जांच अभियान

    जामताड़ा में कल प्रकाशित होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची

    दिल्ली की गर्जाना रैली में शामिल होने जमशेदपुर से रवाना हुए 700 से अधिक आदिवासी

    Facebook X (Twitter) Telegram WhatsApp
    © 2026 News Samvad. Designed by Cryptonix Labs .

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.