उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई कारा सुरक्षा की समीक्षा बैठक, सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। Tfसमाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिले के कारा परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित हुई। इसमें वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, दोनों एसडीएम, एसडीपीओ घाटशिला, डीएसपी मुख्यालय, जेल उपाधीक्षक समेत संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में घाघीडीह केंद्रीय कारा, साकची कारा और घाटशिला उपकारा की सुरक्षा, सुविधाओं और संचालन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जेलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कारा परिसरों, उपकारा, बाल सुधार गृह और कोर्ट हाजत का औचक निरीक्षण व नियमित रेड करने पर जोर दिया।

साथ ही एमजीएम अस्पताल में कैदी वार्ड हेतु स्थल चिन्हित करने और जमशेदपुर रेलवे स्टेशन में कोर्ट हाजत की व्यवस्था पर पहल करने को कहा गया। वॉच टावरों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, पुलिस पेट्रोलिंग में वृद्धि और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य कर कारा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और अनुशासित बनाएं।


