जमशेदपुर में अवैध बालू लदा हाईवा टेंपो से टकराया, चालक गंभीर रूप से घायल , प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के मेन रोड में शुक्रवार की रात एक अवैध रूप से बालू लदे हाईवा ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा क्रॉस नंबर रोड 12 की ओर मुड़ते समय अचानक पीछे करने लगा, तभी पीछे से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आक्रोशित लोगों को समझाया और काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाकर यातायात सामान्य किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवा अवैध रूप से बालू लेकर जा रहा था और इसी लापरवाही से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुटी है।

बड़ा सवाल : डीसी के आदेश के बाद भी अवैध हाईवा कैसे चल रहे हैं?
कुछ दिन पहले जिला प्रशासन ने स्पष्ट आदेश जारी किया था कि अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और बिना वैध कागजात वाले वाहनों को जब्त किया जाए। इसके बावजूद अवैध हाईवा का मेन रोड पर बेखौफ दौड़ना प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। लोगों ने प्रशासन और थाना से मांग की है कि सड़कों पर अवैध रूप से बालू का परिवहन रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

