बारिगोड़ा में 65 फीट ऊंचे काल्पनिक भव्य मंदिर के रूप में सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बारीगोड़ा स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी इस वर्ष पूजा पंडाल को काल्पनिक भव्य मंदिर का स्वरूप दे रही है। वर्ष 1960 से लगातार पूजा आयोजित कर रही कमिटी के अनुसार पंडाल की ऊंचाई 65 फीट और चौड़ाई 55 फीट होगी, जिसकी अनुमानित लागत 8.5 लाख रुपये है।
पंडाल के शिखर, स्तंभ और दीवारों पर देवी-देवताओं व पौराणिक आकृतियों की नक्काशी की जा रही है। प्लाईवुड, लकड़ी, बांस और कपड़े से बन रहे पंडाल के निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल के कांथी से 25 कुशल कारीगर पहुंचे हैं। मां दुर्गा की 13 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसकी लागत करीब 50 हजार रुपये है।
पंडाल का उद्घाटन षष्ठी के दिन होगा। महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी को पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क भोग का वितरण किया जाएगा। कमिटी के चीफ दुबराज नाग, चेयरमैन अमरनाथ चौबे, अध्यक्ष आशुतोष सिंह, महासचिव नीरज कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह और अमित ओझा हैं।

