राष्ट्र संवाद की खबर का असर: जादूगोड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जादूगोड़ा। राष्ट्र संवाद में प्रकाशित साइबर अपराध की खबर का असर सामने आने लगा है। मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत के निर्देश पर जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पूरे मामले पर डीएसपी गंभीर हैं और साइबर अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए प्रयासरत भी

गुरुवार देर रात थाना प्रभारी धनंजय पासवान के नेतृत्व में कोकदा गांव में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक रोहित भगत पहले भी साइबर अपराध में जेल जा चुका है।
डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि पकड़े गए युवकों से अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही बड़ी कार्रवाई होगी। इस अभियान से पूरे इलाके में साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

कोकदा, राखा माइन्स, गोपालपुर, आसानबनी, तिलामुंडा, इचड़ा, कालिकापुर और धीरोल जैसे कई गांव साइबर अपराध का हब बन चुके हैं। कुछ युवकों के तार विदेशों से जुड़े हैं और सिंगापुर के बैंकों से लेनदेन तक हो रहे हैं।
स्थानीय लोग परेशान हैं क्योंकि गांवों की पहचान “साइबर क्राइम गांव” के रूप में बनने लगी है। रिश्तेदार यहां शादी करने से भी कतराने लगे हैं।

गौरतलब है कि जादूगोड़ा के यूसील वैज्ञानिक से 1.27 करोड़ रुपये और यूसील कर्मी नवीन प्रसाद से 20 हजार रुपये की ठगी हो चुकी है। पीड़ित महीनों से न्याय की मांग कर रहे हैं।
डीएसपी संदीप भगत ने कहा कि जिला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम साइबर अपराध को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी।

