जमशेदपुर में ईरान–इज़रायल–अमेरिका तनाव का असर, खाड़ी में रह रहे परिजनों को लेकर बढ़ी चिंता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
ईरान–इज़रायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब जमशेदपुर तक महसूस किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते संघर्ष के बीच शहर के उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिनके अपने लोग खाड़ी देशों में रहकर काम कर रहे हैं।

जमशेदपुर के कई परिवारों के सदस्य दुबई, कतर, सऊदी अरब जैसे देशों में रोजगार के सिलसिले में वर्षों से रह रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के रहने वाले दिलीप दास का परिवार भी गहरी चिंता में है। उनके बेटे प्रतीक दास पिछले पांच वर्षों से दुबई में कार्यरत हैं।
जैसे ही ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने और सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आईं, परिवार की चिंता और भी गहरा गई। दिलीप दास ने बताया कि लगातार समाचार देखने और सोशल मीडिया पर आ रही सूचनाओं से घर के सभी सदस्य डरे और सहमे हुए हैं। वे प्रतिदिन हर एक घंटा परअपने बेटे से संपर्क कर उसकी कुशलक्षेम जान रहे हैं।
हालांकि दुबई में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, फिर भी क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। जमशेदपुर के ऐसे कई परिवार अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और हालात सामान्य होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

