पोटका में ड्राइविंग लाइसेंस कैम्प में भारी अव्यवस्था, मात्र 200 फॉर्म जमा: मनोज सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका: प्रखण्ड एवं पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में भारी अव्यवस्था को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा (पूर्वी सिंहभूम) के जिला मंत्री मनोज कुमार सरदार ने कड़ा विरोध जताया है।
मनोज सरदार ने बताया कि पोटका कैम्प में लाइसेंस बनवाने के लिए हजारों की संख्या में युवा पहुंचे थे। युवाओं ने साइबर कैफे व प्रज्ञा केंद्रों में ₹500 से ₹600 देकर ऑनलाइन आवेदन कराया था, लेकिन कैम्प में केवल 200 युवाओं का ही फॉर्म जमा लिया गया। बाकी हजारों युवाओं को दिनभर लाइन में खड़े रहने के बाद निराश होकर लौटना पड़ा।
मनोज कुमार सरदार ने सवाल उठाते हुए कहा, “जिन हजारों युवाओं का फॉर्म जमा नहीं लिया गया, उनके समय और पैसे का क्या होगा? जब क्षमता केवल 200 फॉर्म की थी, तो हजारों युवाओं को गुमराह क्यों किया गया?”
शेष बचे सभी युवाओं के फॉर्म जमा लेने के लिए पोटका में तुरंत विशेष अतिरिक्त कैम्प लगाया जाए।
ऑनलाइन आवेदन के नाम पर मनमानी राशि वसूलने वालों की जांच हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभी युवाओं का लाइसेंस फॉर्म शीघ्र जमा नहीं किया गया, तो भाजपा एसटी मोर्चा युवाओं के अधिकार के लिए उग्र आंदोलन करेगा।

