ग्रेजुएट कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मना होली-मिलन समारोह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ग्रेजुएट कॉलेज के सेमिनार हॉल में होली-मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना से हुई। मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी का स्वागत डॉ. सविता मिश्रा एवं डॉ. संगीता बिरूवा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व रबी फसलों की कटाई के साथ खुशहाली और हर्षोल्लास का संदेश भी देता है। स्वागत भाषण प्रो. प्रतिमा सिंहा ने दिया, जबकि विषय प्रवेश हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुमारी ने कराया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका और श्रुति ने संयुक्त रूप से किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंहा ने किया।
समारोह में छात्राओं ने पारंपरिक होली गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शांतिनिकेतन में मनाए जाने वाले वसंत उत्सव की झलक डॉ. दीप्ति और डॉ. अरुंधति ने छात्राओं स्नेहा और प्रीति के साथ मनमोहक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की, जिसे खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल रहे, जहां सभी ने विविध स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह में सभी शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

