हिमांशु हत्याकांड: भाजपा ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर के डबल डाउन बार में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो 2 जुलाई को शहर के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद किया जाएगा। पार्टी ने हत्याकांड की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने की भी मांग की है।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने आरोप लगाया कि शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो भाजपा जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।

