चाईबासा के पहाड़डीहा गांव में मेडिकल कैंप लगाकर 103 लोगों की हुई जांच, दो नए मलेरिया मरीज मिले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आनंदपुर प्रखंड के पहाड़डीहा गांव में दो बच्चियों की संदिग्ध रूप से मलेरिया से हुई मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) एवं एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों स्वास्थ्य कर्मियों से 24 घंटे के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और स्वास्थ्य सेवाओं में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
बुधवार को सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ने पहाड़डीहा गांव पहुंचकर पूरे मामले की जांच की और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से मलेरिया से बचाव के लिए पानी उबालकर पीने, आसपास साफ-सफाई रखने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक बच्ची लता किस्कू के परिवार के सभी पांच सदस्य, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, मलेरिया से संक्रमित हैं। सभी का इलाज मनोहरपुर अस्पताल में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष मेडिकल कैंप लगाकर 103 ग्रामीणों की मलेरिया जांच की, जिसमें दो नए संक्रमित मरीज मिले। दोनों का उपचार तत्काल शुरू कर दिया गया है। साथ ही 75 परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों से अपील की गई है कि बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

