राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता अभिलेखों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा होने पर झामुमो के केंद्रीय सचिव गणेश चौधरी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह समेत इस अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों एवं कर्मियों को साधुवाद दिया है। एक बयान जारी कर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। सरायकेला-खरसावां जिले में निर्धारित समय के भीतर डिजिटाइजेशन कार्य का शत-प्रतिशत पूरा होना प्रशासनिक दक्षता और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है। झामुमो नेता ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन आगामी निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को भी इसी तत्परता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराएगा। उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के आगामी चरणों में सक्रिय सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाई जा सके।

