विश्व योग दिवस पर व्यवहार न्यायालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 21 जून: विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय, डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी सहित न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए तथा नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन योग के महत्व पर चर्चा और नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।

