गांधी जयंती पर विधायक पूर्णिमा साहू ने चलाया स्वच्छता अभियान, स्वच्छता मित्रों को किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत विधायक पूर्णिमा साहू की उपस्थिति में बारीडीह के मुखी बस्ती और बिरसानगर जोन नंबर 8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान विधायक ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही स्वच्छता मित्रों के चरण धोकर, पुष्पवर्षा कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। स्थानीय लोगों के बीच डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वच्छता मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना ही महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, गुंजन यादव, संजीव सिंह, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

