अध्यक्ष के स्वागत में चमकाया अतिथि गृह, कर्मचारियों की कॉलोनी बदहाल!
यूसीआईएल प्रबंधन की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के 60वें स्थापना दिवस और 4 अक्टूबर को परमाणु ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बड़े अधिकारियों के स्वागत के लिए अतिथि गृह और उनके आने-जाने वाले मुख्य मार्ग की सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि आसपास की कर्मचारी कॉलोनियों की बदहाली दूर करने की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
अतिथि गृह से सटे डी-टाइप अधिकारी आवासों के आसपास घुटने तक घास उगी है। जगह-जगह कचरे का ढेर, जाम नालियां और जंगली झाड़ियां दिखाई देती हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि कई आवास जर्जर अवस्था में हैं, दीवारें क्षतिग्रस्त हैं और छतों से पानी टपकता है। सड़कों की मरम्मत नहीं होने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कर्मचारियों का कहना है कि बड़े अधिकारियों के आगमन पर ही सफाई अभियान तेज होता है, जबकि सालभर बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जाती है। यूसीआईएल संयुक्त यूनियन के नेताओं ने भी आवासों की मरम्मत, बदहाल सड़कों, अस्पताल की व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या स्थापना दिवस की चमक-दमक के बीच कर्मचारियों की समस्याएं भी परमाणु ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष तक पहुंचेंगी? क्या प्रबंधन केवल अतिथि गृह और मुख्य मार्ग को चमकाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेगा, या कर्मचारी कॉलोनियों की बदहाली दूर करने के लिए भी ठोस कदम उठाएगा? जादूगोड़ा में अब इसी सवाल पर चर्चा हो रही है।

