भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के रक्तदान शिविर में 125 यूनिट रक्त संग्रह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से शुक्रवार को साकची स्थित बसंत टॉकीज के सामने मोर्चा कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 125 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह एवं जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का पुनीत कार्य बताते हुए लोगों से ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में भाजपा नेताओं, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों, सिख समाज के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोर्चा की ओर से सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

