ज्योति ने 100 मीटर दौड़ में पाया पहला स्थान, प्रिया 200 मीटर में दूसरे स्थान पर
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बेगूसराय में आयोजित जिला स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय दौरा-2 की कक्षा 9 की छात्रा ज्योति कुमारी ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उसकी बहन और इसी विद्यालय की कक्षा 11 की छात्रा प्रिया कुमारी ने 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों बहनों के प्रदर्शन से विद्यालय और पंचायत के लोगों में खुशी है।
ज्योति पिछले वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छठा स्थान हासिल कर चुकी है। इस बार जिला स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर उसने अपनी खेल प्रतिभा को साबित किया।
दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर मुखिया पंकज पासवान, प्रधानाध्यापिका नूतन कुमारी, खेल शिक्षक हरेराम चौरसिया, पूर्व उपमुखिया गिरीश कुमार राय और पंचायत समिति सदस्य निशा रंजन सहित शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने बधाई दी।
प्रधानाध्यापिका नूतन कुमारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत की भावना विकसित होती है। विद्यालय की ओर से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

