स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पूर्वी भारत के खिलाड़ियों का जुटान
राष्ट्र संवाद सं
रांची: पुराना विधानसभा परिसर में आयोजित 4th ईस्ट इंडिया एवं झारखंड स्टेट स्ट्रेंथलिफ्टिंग और इंक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, सिक्किम, त्रिपुरा, मणिपुर और असम सहित सात राज्यों के करीब 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों के अंतर्गत पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ी अपनी शक्ति और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और स्ट्रेंथलिफ्टिंग जैसे खेलों को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

