राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय समारोह में आदिवासी समुदाय के अधिकार, रोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल सामने आईं। कार्यक्रम के दौरान जिले की पांच पंचायतों के लिए कुल 1,891.12 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा वितरित किया गया। वन पट्टा मिलने से संबंधित समुदायों को सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण और उपयोग का अधिकार मजबूत होने की उम्मीद है।
इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नव नियुक्त 57 स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इससे स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कृषि विभाग की ओर से पांच किसानों के बीच अरहर बीज का वितरण किया गया। किसानों को कृषि गतिविधियों के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आम लोगों को सरकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी ने समारोह को विशेष रंग दिया। कलाकारों, कारीगरों और स्थानीय उत्पादकों को अपने हुनर और उत्पादों को बाजार एवं समाज के सामने रखने का मंच मिला।

