राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने रोलाहातु पंचायत के सिकरम्बा गांव के घने जंगलों में विशेष तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन राइफल मैगजीन, नौ एमएम कार्बाइन का पिस्टल ग्रिप और कॉकिंग हैंडल बरामद किया गया। सभी हथियारों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा बलों के अनुसार, इलाके में अवैध और उग्रवादी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। बरामद हथियारों को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाया था, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में आगे भी सर्च अभियान जारी रहेगा।

