राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बोड़ाम प्रखंड स्थित पहाड़पुर पंचायत सचिवालय में श्री शनिदेव भक्त मंडली ट्रस्ट की ओर से 86वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में कुल 155 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान नियमित रक्तदाताओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। आयोजकों का कहना है कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर की टीम ने तकनीकी सहयोग दिया। मंडली ने भविष्य में हर तीन महीने पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया है। मंडली का अगला रक्तदान शिविर 16 अगस्त को रांची सदर अस्पताल में आयोजित किया जाएगा।

