जामताड़ा में युवाओं के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
16 से 35 वर्ष के युवाओं को मिलेगा लाभ, 3 से 6 माह का प्रशिक्षण; दसवीं पास कर सकते हैं आवेदन
जामताड़ा जिले के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT), भारत सरकार के सहयोग से नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का संचालन एसआरएनबीएस सर्विसेज फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। संस्थान के एमडी रवीन्द्र नाथ पंडित ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डिजिटल और तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है। इस प्रशिक्षण में 16 से 35 वर्ष तक के युवाओं को नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा दी जाएगी।
राज्य प्रमुख सुमन कुमार, एडमिन हेड शालिनी रंजन, केंद्र प्रबंधक मुन्नी पंडित तथा प्रशिक्षक कुणाल कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रमाणित कंप्यूटर एप्लीकेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट, प्रमाणित डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट (वेतनभोगी), सूचना सुरक्षा, एडवांस कंप्यूटर ट्रेनिंग, हिंदी व अंग्रेजी टाइपिंग तथा पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसे कोर्स शामिल हैं। प्रशिक्षण की अवधि 3 से 6 माह होगी और सभी कक्षाएं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा संचालित की जाएंगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को दसवीं पास मार्कशीट, आधार कार्ड, चार पासपोर्ट साइज फोटो, जाति या आवास प्रमाण पत्र तथा बैंक खाता विवरण जमा करना होगा। कार्यक्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि “सीखने से सम्मान है, सम्मान से पहचान है।” इस पहल से जिले के युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार के बेहतर अवसर है।

