राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। कोलकाता पहुंचने पर बंगाल भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को रवींद्र जयंती के अवसर पर नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। दिनेश कुमार को इस समारोह के लिए पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य द्वारा औपचारिक आमंत्रण भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व ने दिनेश कुमार को इंदस विधानसभा का प्रभारी बनाया था। उनके नेतृत्व में भाजपा ने इंदस सीट पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की, जहां भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमार धारा पुनः विधायक निर्वाचित हुए।
इस दौरान सरायकेला-खरसावां के पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव और पूर्व जिला महामंत्री मधु गोराई भी मौजूद रहे।

