
काण्ड्रा स्टेशन पर ग्रेनाइट स्लैब गिरने से फूल विक्रेता घायल
*टिकट बुकिंग काउंटर के समीप हुई घटना, टेम्पो चालकों ने पहुंचाया अस्पताल; रेलवे से सुरक्षा जांच की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
काण्ड्रा रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग काउंटर के समीप शनिवार सुबह खड़ा ग्रेनाइट स्लैब अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से बलरामपुर निवासी बिहारी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह काण्ड्रा में रहकर फूल बेचने का व्यवसाय करते हैं। हादसे में उन्हें काफी चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ थाना को दी। आरोप है कि सूचना के काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय टेम्पो चालकों ने घायल बिहारी सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में रखे निर्माण सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने, स्लैब गिरने के कारणों का पता लगाने और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

