जामताड़ा में मत्स्य विक्रेताओं को मिला मत्स्य किट, स्वच्छ व हाईजेनिक बिक्री पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: मत्स्य विभाग की मत्स्य विपणन योजना के तहत गुरुवार को समाहरणालय परिसर में चयनित मत्स्य विक्रेताओं के बीच मत्स्य किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद ने लाभुकों को किट प्रदान करते हुए स्वच्छता और हाईजेनिक स्थिति में मछली बिक्री करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि तथा जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि विभाग को प्राप्त 20 लक्ष्यों के विरुद्ध चयनित लाभुकों को यह किट उपलब्ध कराया गया है, ताकि खुदरा मत्स्य विक्रेता साफ-सुथरे और सुरक्षित तरीके से मछली का विपणन कर सकें।
मत्स्य किट की इकाई लागत 15 हजार रुपये निर्धारित है, जिस पर लाभुकों को 95 प्रतिशत अनुदान दिया गया है। किट में कुल 11 प्रकार की उपयोगी सामग्रियां शामिल हैं, जिनमें छाता, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बैठी, डस्टबीन, एप्रन सहित अन्य आवश्यक उपकरण दिए गए हैं। इन सामग्रियों के माध्यम से विक्रेता मछली को स्वच्छ वातावरण में बेच सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विक्रेताओं को किट का सही उपयोग और रख-रखाव करने की सलाह दी। साथ ही बाजार में साफ-सफाई बनाए रखते हुए ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मत्स्य विभाग के कर्मी, संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मत्स्य विक्रेता उपस्थित रहे।

