जुगसलाई के आर.पी पटेल स्कूल ग्राउंड में चली गोली, दहशत में पूरा मोहल्ला
स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सन्नी सरदार को किया गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना पुलिस ने बीती देर रात जेल से छूटे अपराधी सन्नी सरदार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सूत्रों के मुताबिक रात करीब आठ बजे सन्नी सरदार अपने दो अन्य साथियों के साथ कार में सवार अपने दो अन्य साथियों के साथ जुगसलाई स्थित आरपी पटेल स्कूल ग्राउंड पहुंचा। यहां उनके द्वारा दो राउंड फायरिंग की घटना को अंजाम दी गई, उस वक्त वहां कई छोटे बच्चे मैदान में खेल रहे थे। गोली की आवाज सुनकर वह काफी डर गए और दहशत में आ कर भागने लगे। इसके बाद सन्नी सरदार के साथी वहां से खोखा लेकर भाग निकले। यहां के बाद उन्होंने दहशत कायम करने के मकसद से स्थानीय लोगों को भी धमकाया। तब-तक गोली चालन की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिल चुकी थी। पुलिस ने अपनी सूझ बूझ से तत्परता दिखाए हुए सन्नी सरदार को पकड़ने के लिए जाल फेंक दिया। सूत्र बताते हैं कि रात करीब एक बजे सन्नी सरदार छपरैया मोहल्ला में घेरा गया। वहां से भागते हुए आनंदनगर में वह पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। उसने कार को भी आनंदनगर में छोड़ दिया था। बता दें कि सन्नी सरदार छपरैया मोहल्ला का ही रहने वाला है। बहरहाल, जुगसलाई थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

